भारत का करारा जवाब: लाहौर से कराची तक दहला पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंदूर से मचा कोहराम
भारत का करारा जवाब: लाहौर से कराची तक दहला पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंदूर से मचा कोहराम
आई एन न्यूज डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।
भारत द्वारा किए गए जवाबी सैन्य प्रहार से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत भारतीय सेना ने गुरुवार शाम पाकिस्तान के इस्लामाबाद, लाहौर, कराची, सियालकोट, बहावलपुर, रावलपिंडी समेत नौ अहम शहरों में ड्रोन और मिसाइलों की बौछार कर दी। इन हमलों में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और एयर डिफेंस सिस्टम को विशेष रूप से निशाना बनाया गया।
लाहौर में ध्वस्त हुआ चीन निर्मित एयर डिफेंस सिस्टम
लाहौर में चीन से प्राप्त एचक्यू-9 एयर डिफेंस सिस्टम को भारत ने इजरायली ‘हारोप’ ड्रोन से तबाह कर दिया। कराची बंदरगाह पर भारतीय नौसेना ने 8-10 मिसाइलें दागीं, जिससे पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। वहीं, रावलपिंडी और बहावलपुर में भी सेना के अहम ठिकानों पर सटीक हमले किए गए।
भारत की सीमा में रहकर की गई कार्रवाई
भारतीय रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सभी जवाबी कार्रवाइयाँ भारतीय सीमा के अंदर रहते हुए की गईं। भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम, विशेषकर एस-400 और ‘आकाश’, ने पाकिस्तान की ओर से जम्मू सहित कई शहरों पर किए गए हमलों को नाकाम कर दिया। जम्मू के ऊपर आसमान में दो घंटे तक सायरन और प्रोजेक्टाइल्स की गूंज रही।
भारत ने दो पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराए
जैसलमेर और अखनूर में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी जेएफ-17 और एफ-16 लड़ाकू विमानों को मार गिराया। दो पायलटों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पाकिस्तान में मचा हाहाकार, बुलाई गई आपात बैठक
भारत के इस जोरदार पलटवार के बाद पाकिस्तान में कोहराम मच गया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सैन्य और सुरक्षा अधिकारियों की आपात उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भारत की रणनीतिक बढ़त कायम
सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुखों की आपात बैठक के बाद रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारत किसी भी स्थिति से निपटने को पूरी तरह तैयार है। उधर, पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गई गोलाबारी के जवाब में भारत की यह कार्रवाई पाकिस्तान को कड़ा संदेश देती है कि अब हर हमले का करारा जवाब मिलेगा।





