भारत-नेपाल सीमा पर छठ की अलौकिक छटा, घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

भारत-नेपाल सीमा पर छठ की अलौकिक छटा, घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा भारत ही नहीं, पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में भी बड़े ही उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में भारत-नेपाल सोनौली बॉर्डर के श्यामकाट घाट पर एक अद्भुत और मनमोहक नजारा देखने को मिला। यहां सीमावर्ती क्षेत्र के भारतीय और नेपाली दोनों देशों के लोग एक साथ मिलकर बड़े उत्साह के साथ रोहिणी नदी के घाट पर छठ पूजा मना रहे हैं।
इस घाट पर नेपाल के तराई क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से हजारों श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे हैं। व्रती महिलाएं पूरी रात नदी तट पर विश्राम करती हैं और दूसरे दिन उगते सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद अपने व्रत का पारण करती हैं। इसके बाद सभी श्रद्धालु अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान करते हैं।
पर्व को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। घाट पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ गोताखोरों और स्वयंसेवकों को भी लगाया गया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत सोनौली ने सराहनीय पहल की है। नगर पंचायत ने सभी वार्डों के सभासदों को छोटे वाहन उपलब्ध कराए हैं, जिससे व्रती महिलाओं को घाट तक आसानी से लाया जा सके।
बैनर-पोस्टर से पटा घाट
पूरा श्यामकाट घाट बैनर-पोस्टर से पटा हुआ है। घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की भी विशेष व्यवस्था की गई है। छठ के गीतों और भक्ति भाव से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
सीमा पर दो देशों के लोगों का एक साथ एक घाट पर पूजा करना, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता की मिसाल बन गया है।

महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *