ओझाई के नाम पर गर्भवती महिला से बलात्कार, SKMCH में भर्ती, आरोपी ओझा गिरफ्तार
ओझाई के नाम पर गर्भवती महिला से बलात्कार, SKMCH में भर्ती, आरोपी ओझा गिरफ्तार
आई एन न्यूज मुजफ्फरपुर, बिहार। विज्ञान और आधुनिकता के दौर में भी समाज का एक तबका अंधविश्वास और ओझाई के जाल में फंसा हुआ है। ताजा मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला को पेट दर्द की शिकायत पर पहले डॉक्टर से दवा दिलाई गई, लेकिन जब आराम नहीं मिला तो उसका पति उसे एक ओझा के पास लेकर चला गया।
ओझा ने महिला के पति से कहा कि वह बाहर बैठकर इंतजार करे और महिला को आश्रम के भीतर ले गया। वहां उसने कथित रूप से महिला के साथ बलात्कार किया। इस घिनौनी हरकत के बाद आरोपी ओझा ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और पति के हवाले करते हुए कहा कि “कल फिर लेकर आना, ओझाई करेंगे।”
घटना के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया। पीड़िता की हालत को देखते हुए मामला संज्ञान में आया और पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ओझा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ जारी है और महिला का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं जो अंधविश्वास और ओझाई के नाम पर महिलाओं की अस्मिता को कुचलने से नहीं चूकते। प्रशासन ने कहा है कि आरोपी को सख्त सजा दिलवाई जाएगी और ऐसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी।





