भारत ने रचा इतिहास, साउथ अफ्रीका को 124 रनों से हराकर 3-0 की बढ़त बनाई

भारत ने रचा इतिहास, साउथ अफ्रीका को 124 रनों से हराकर 3-0 की बढ़त बनाई

भारत ने रचा इतिहास, साउथ अफ्रीका को 124 रनों से हराकर 3-0 की बढ़त बनाई

आई एन न्यूज केपटाउन: (एजेंसी) कप्तान विराट कोहली के श्रृंखला के दूसरे और करियर के 34वें शतक के बाद युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की फिरकी के जादू से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां 124 रन से रौंदकर छह मैचों की श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।

179 रनों पर ढेर हुई अफ्रीकी टीम
कोहली ने 159 गेंद में 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 160 रन की पारी खेलने के अलावा सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (76) के साथ दूसरे विकेट के लिए 140 और भुवनेश्वर कुमार (नाबाद 16) के साथ सातवें विकेट के लिए 7.2 ओवर में 67 रन की अटूट साझेदारी की जिससे भारत ने छह विकेट पर 303 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। दक्षिण अफ्रीका की टीम इसके जवाब में चहल (46 रन पर चार विकेट), कुलदीप (23 रन पर चार विकेट) और जसप्रीत बुमराह (32 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने 40 ओवर में 179 रन पर ढेर हो गई। मेजबान टीम की ओर से जेपी डुमिनी (51) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए।

अफ्रीका की रही शुरुआत खराब 
लक्ष्य का पीछा करने उतरे दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर ही पहली गेंद पर ही हाशिम अमला (01) का विकेट गंवा दिया जो एक बार फिर बुमराह की गेंद पर पगबाधा हुए। कप्तान ऐडन मार्करम (32) और डुमिनी ने दूसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़कर पारी को संवारने की कोशिश की। दोनों ने 11वें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। मार्करम हालांकि कुलदीप की गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में पूरी तरह चूक गए और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें स्टंप करने में कोई गलती नहीं की। लेग स्पिनर चहल ने इसके बाद पदार्पण कर रहे हेनरिक क्लासेन (06) और डुमिनी को लगातार ओवरों में पगबाधा करके मेजबान टीम का स्कोर चार विकेट पर 96 रन किया।  बुमराह ने डेविड मिलर (25) को धोनी के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। दक्षिण अफ्रीका को अंतिम 15 ओवर में जीत के लिए 155 रन की दरकार थी लेकिन टीम ने लगातार पांच ओवरों में क्रिस मौरिस (14), खाया जोंडो (17), एंडिले फेहलुकवायो (03), इमरान ताहिर (08) और लुंगी एनगिडी (06) के विकेट गंवा दिए। मौरिस, एनगिडी और फेहलुकवायो को कुलदीप जबकि जोंडो और ताहिर को चहल ने पवेलियन भेजा।

इससे पहले टाॅस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर ही रोहित शर्मा का विकेट गंवा दिया जो कागिसो रबादा की गेंद पर विकेटकीपर क्लासेन को कैच दे बैठे। कोहली और धवन ने इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी करके पारी को संवारा। धवन इसके बाद डुमिनी की गेंद पर मिडविकेट पर मार्करम को कैच देकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 63 गेंद की अपनी पारी में 12 चौके मारे। अजिंक्य रहाणे भी 13 गेंद में 11 रन बनाने के बाद डुमिनी की गेंद पर बेहद खराब शाट खेलकर लांग आफ पर एंडिले फेलुकवायो को कैच दे बैठे। हार्दिक पंड्या एक बार फिर नाकाम रहे और मौरिस की गेंद पर क्लासेन को कैच दे बैठे। उन्होंने 14 रन बनाए। ताहिर ने इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी (10) को पवेलियन भेजा जबकि फेहलुकवायो ने केदार जाधव (01) को क्लासेन के हाथों कैच कराके भारत का स्कोर छह विकेट पर 236 रन किया।  कोहली ने पारी के अंतिम ओवर में रबादा की पहली गेंद पर एक रन के साथ 156 गेंद में 150 रन पूरे किए। उन्होंने अंतिम दो गेंद पर छक्के और चौके के साथ टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।

जीत के साथ रचा इतिहास
भारत ने पहली बार दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर किसी द्विपक्षीय श्रृंखला में तीन वनडे मैचों में जीत दर्ज की है और टीम इंडिया के पास यहां पहली बार वनडे श्रृंखला जीतने का मौका भी है। भारत ने इससे पहले 1992-93 और 2010-11 में दक्षिण अफ्रीका में किसी द्विपक्षीय श्रृंखला में दो वनडे जीत थे लेकिन क्रमश: सात और पांच वनडे मैचों की ये श्रृंखलाएं टीम इंडिया ने 5-2 और 3-2 से गंवाई थी।

आप चूक गए होंगे

Translate »
  1. ब्रेकिंग न्यूज़: ऊ०प्र०- जिले की हर छोटी बड़ी खबर लाइव देखने के लिए
  2. जुड़े रहे इंडोनेपालन्यूज़ के फेसबुक पेज से, शहर के हर छोटी बड़ी खबर हम आपको लाइव दिखाएंगे