भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में सुबह से रिमझिम बारिश, लोग घरों में कैद

भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में सुबह से रिमझिम बारिश, लोग घरों में कैद

आई एन न्यूज न्यूज़ सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में आज तड़के से चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव के चलते हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाएं चलती रहीं। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में लोगों ने एहतियात बरतते हुए घरों से निकलना कम कर दिया। पूरे दिन लोग पूरी तरह सतर्क नजर आए।
जिलाधिकारी महाराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल की अपील के मद्देनजर आज सीमावर्ती क्षेत्र के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित रहा। प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधनों को पहले ही सतर्क कर दिया था, जिसके चलते बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी महाराजगंज ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि चक्रवाती तूफान अर्णब के संभावित प्रभाव को देखते हुए 28 से 30 अक्टूबर के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
माना जा रहा है कि अर्णब का असर आज सुबह से ही देखने को मिला, जब सीमावर्ती नौतनवा, सोनौली, ठूठीबारी सहित पूरे जनपद में रिमझिम बारिश और हल्की हवा का दौर जारी रहा। राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *