महराजगंज हियुवा के जिलाध्यक्ष सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आई एन न्यूज ब्यूरो महराजगंज: स्थानीय थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद नौतनवा निवासी करन शर्मा की तहरीर पर नौतनवा थाना की पुलिस ने सोमवार को हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नौतनवा क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। स्थानीय थाना क्षेत्र के नगर पालिका परिषद नौतनवा के गौतम बुद्ध नगर वार्ड निवासी करन शर्मा पुत्र रामकेवल ने नौतनवा थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बीते दिन शनिवार को वह अपने परिवार के साथ जिला मुख्यालय से नौतनवा स्थित अपने घर आ रहा था। अभी वह तहसील चौराहा के पास पहुंचा ही था कि हियुवा के जिलाध्यक्ष नरसिंह पाण्डेय अपने सहयोगी संतोष पांडेय, प्रिंस पांडेय, स्वास्तिक पांडेय, अमरनाथ पांडेय व सुनील त्रिपाठी के साथ गाड़ी को घेर लिए और लाठी-डंडे व लोहे की राड से गाड़ी में बैठे मेरे परिवार के लोगों को मारने-पीटने लगे। इस घटना में मेरे भाई, पत्नी व बच्चों को चोट लगी। घटना की सूचना यूपी 100 पुलिस को दिया। पुलिस के पहुंचते ही सभी लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने करन शर्मा की तहरीर पर सोमवार को हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष नर सिंह पाण्डेय सहित छह लोगों के खिलाफ 147, 323, 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दिया है। नौतनवांं थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अनिल कुमार का कहना है कि करन शर्मा की तहरीर पर हियुवा के जिलाध्यक्ष समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।


Translate »