महराजगंज में ग्रामीण बोले: पूल नही तो वोट नही
महराजगंज में ग्रामीण बोले: पूल नही तो वोट नही
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क: उत्तर प्रदेश में 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए सभी सियासी दलों ने बिसात बिछानी शुरू कर दी है, लेकिन इस बार खास बात यह है कि अब बिसात सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि मतदाता भी बिछा रहे हैं। यह बयार निकली है अति पिछडे़ जनपद महराजगंज से, जहां गंगराई गांव के लोगों ने पुल बनवाने की मांग पर एक सुर में नारा दिया है, ”पुल नहीं तो वोट नहीं,” ।
बता दें कि जिले के सदर विकास खंड अन्तर्गत गंगराई गांवों के सैकड़ों लोगों ने, आज नदी पर, पुल निर्माण की पुरानी मांग की अनदेखी करने से क्षुब्ध होकर, इस बार लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत गंगराई के मतदाताओं ने आज नदी के समीप एकत्रित होकर, एक स्वर में पुल नहीं बनने पर चुनाव का बहिष्कार के नारे लगाते हुऐ विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने अपना विरोध स्वरूप रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए गांव के प्रवेश पर पुल नही तो वोट नही का बोर्ड भी लगा दिया है। आवागमन की परेशानी झेल रहे इस गांव के ग्रामीणों ने आज एक जुट होकर चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है ग्रामीण का कहना है कि पुल नही होने की वजह से उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधा नही मिल पाती है। पुल के अभाव में गांव के मरीजों को चारपाई पर उठा कर नदी पार कराया जाता है। कई बार चिकित्सा सुविधा मे देर होने से मरीजों का जान भी चली जाती है। बरसात के दिनों में नदी में बाढ़ आने पर कई मवेशी भी बह जाते हैं, इस जटिल समस्या के चलते ही स्कूली बच्चे भी नदी पार कर नियमित स्कूल जाने से वंचित रह जाते हैं। इस बार मतदान का विरोध करने वाले ग्रामीणों ने बताया की हमने पुल की मांग को लेकर पहले भी कई बार लोक सुराज शिविर, कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन किया है परन्तु अब तक किसी प्रकार का कोई सुनवाई नही हो पाई है जिस कारण अब लोगो ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का मन बना लिया है।





