मतदाताओं से प्रियंका की अपील,‘ऐसी राजनीति लाये जो आपकी समस्याओं का करे हल
इंडो नेपाल न्यूज ब्यूरो लखनऊ:: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को मतदाताओं से अपील की कि वे ऐसी राजनीति लायें जो उनकी समस्याओं की बात करे और उनका हल करे । प्रियंका ने फतेहपुर में एक चुनावी जनसभा में कहा, ”ऐसी राजनीति लायें जो आपकी समस्याओं की बात करे, उसे हल करे।”
उन्होंने मतदाताओं से कहा, ”राजनीति को बदलिये, सिर्फ अपने क्षेत्र के लिए नहीं, अपनी जरूरतों के लिए नहीं बल्कि अपने बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए और देश को बचाने के लिए।” प्रियंका ने वोटरों से कहा, ”झूठ की राजनीति एवं नकारात्मक राजनीति को परे कीजिए ।”
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति जमीनी राजनीति नहीं है। उसका जनता से ताल्लुक नहीं है। भाजपा हवा में उड़ रही है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान और नौजवान प्रताड़ित है तथा महिलाएं असुरक्षित हैं ।
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि इनको ये सनक है, मेरे परिवार के बारे में ही बात करते रहते हैं। 50% इनका जो चुनावी भाषण होता है यही होता है की नेहरू जी ने क्या किया, इंदिरा गांधी ने क्या किया। लेकिन ये नहीं बताएंगे की 5 साल में इन्होने क्या किया।





