श्रीराम जानकी मंदिर के महंत पर आपत्तिजनक टिप्पणी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
श्रीराम जानकी मंदिर के महंत पर आपत्तिजनक टिप्पणी से श्रद्धालुओं में आक्रोश, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बा सोनौली में स्थित अति प्राचीन श्रीराम जानकी मंदिर के पूज्य महंत पर सोशल मीडिया के माध्यम से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है।
इस संबंध में नगर पंचायत सोनौली के श्रद्धालु पवन गिरी ने सोनौली पुलिस को एक शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में उन्होंने बताया कि अनुराग मणि, पुत्र सुरेश मणि, निवासी वार्ड नंबर 12, घनश्याम नगर, नगर पंचायत सोनौली, जनपद महाराजगंज ने व्हाट्सएप और फेसबुक पर मंदिर के महंत जी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। पवन गिरी ने कहा कि वे महंत जी को भगवान तुल्य मानते हैं और इस प्रकार की टिप्पणी से उन्हें गहरा मानसिक आघात लगा है।
पवन गिरी की शिकायत पर सोनौली पुलिस ने अनुराग मणि तथा संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन सहित कई लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में चौकी प्रभारी सोनौली बृजभान यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने तथा लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
स्थानीय श्रद्धालु और नागरिक प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस तरह की धार्मिक असहिष्णुता पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति इस प्रकार की आपत्तिजनक हरकत करने का साहस न कर सके।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


