सोनौली को बड़ी सौगात: ऋषि त्रिपाठी की पहल पर 100 करोड़ से बनेगा हाईटेक बस स्टेशन

सोनौली को बड़ी सौगात: ऋषि त्रिपाठी की पहल पर 100 करोड़ से बनेगा हाईटेक बस स्टेशन।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत–नेपाल सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बे सोनौली का रोडवेज बस स्टेशन अब एक नए रूप में विकसित किया जाएगा। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से इस बस स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जाएगा और इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। यह परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित की जाएगी।
यह जानकारी तब सामने आई जब प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने नौतनवा के विधायक ऋषि त्रिपाठी को पत्र भेजकर इस परियोजना की जानकारी दी। इस खबर से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
नई योजना के तहत सोनौली बस स्टेशन को यात्रियों की सुविधाओं से पूरी तरह लैस किया जाएगा। इसमें वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आधुनिक टिकट काउंटर, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और सुदृढ़ सड़क संपर्क जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित होने के कारण सोनौली का यह बस स्टेशन विशेष महत्व रखता है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री भारत और नेपाल के बीच आवागमन करते हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के बाद यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और सीमा क्षेत्र के पर्यटन तथा व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि सोनौली नगर पंचायत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। यहां देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों का भी निरंतर आना-जाना लगा रहता है। दिल्ली सहित कई राज्यों की परिवहन निगम की बसें यहां नियमित रूप से संचालित होती हैं।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की फेज-2 बस स्टेशन विकास परियोजना के तहत इस योजना के लिए जल्द ही टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सम्मानित नागरिकों के सुझाव पर इस अत्याधुनिक बस स्टेशन की मांग की गई थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। यह क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि पीपीपी मॉडल पर बनने वाला यह आधुनिक बस टर्मिनल यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान करेगा। साथ ही नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
  1. ब्रेकिंग न्यूज़: ऊ०प्र०- जिले की हर छोटी बड़ी खबर लाइव देखने के लिए
  2. जुड़े रहे इंडोनेपालन्यूज़ के फेसबुक पेज से, शहर के हर छोटी बड़ी खबर हम आपको लाइव दिखाएंगे