प्लास्टिक के कचरे से बनेगी गोरखपुर में सड़क
प्लास्टिक के कचरे से बनेगी गोरखपुर में सड़क
आई एन न्यूज गोरखपुर डेस्क:
गोरखपुर में प्लास्टिक कचरे से सड़के बनाने की तैयारी हो रही है। जलजमाव का इस सड़क पर कोई असर नहीं होगा। आठ वर्ष तक इस सड़क को मरम्मत की जरूरत नहीं पड़ेगी। मजबूत और टिकाऊ सड़क बनाने की दिशा में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने भी कदम बढ़ाए हैं। गीडा के सेक्टर-15 में 7.22 करोड़ रुपये की लागत से प्लास्टिक के कचरे से दो सड़कें बनाई जाएंगी। एक सड़क की लंबाई 1.3 किलोमीटर और दूसरे की 750 मीटर होगी। लोक निर्माण विभाग जल्द ही इसके लिए टेंडर जारी करेगा।
अफसरों का कहना है कि सड़क निर्माण सामग्री में प्लास्टिक के उपयोग से इसकी मजबूती बढ़ेगी। सामान्य सड़कों के निर्माण के बाद जहां तीन से चार वर्ष के बाद मरम्मत की जरूरत पड़ती है, वहीं प्लास्टिक कचरे को मिलाकर बनाई गई सड़क की मरम्मत की जरूरत सात से आठ वर्ष तक नहीं पड़ेगी। सड़क पर बारिश के पानी का भी असर नहीं के बराबर होगा। प्रतिबंधित हो चुके प्लास्टिक से सड़क निर्माण कराने की योजना तैयार है। टेंडर की प्रक्रिया भी जल्द ही करा दी जाएगी। सड़क को बनाने में लगभग 20 से 25 फीसद तक खर्च कम आएगा। बारिश में भी सड़क पर कोई असर नहीं होगा। सड़क लंबे समय तक चलेगी।





