किशोर-किशोरियों के सच्चे साथी बने “साथिया केंद्र”
किशोर-किशोरियों के सच्चे साथी बने “साथिया केंद्र”
किशोर/किशोरियों को परामर्श,स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करने के लिए अब “साथिया केंद्र” के नाम से 13 केन्द्र विकसित
आईएन न्यूज महराजगंज डेस्क:
किशोरावस्था (10 -19 वर्ष) एक परिवर्तनशील वृद्धि तथा विकास की एक बहुत ही महत्वपूर्ण अवस्था होती है । इस अवस्था में शारीरिक एवं मानसिक बदलाव बहुत तीव्रता से होते हैं और किशोर-किशोरी यौन, मानसिक तथा व्यवहारिक रूप से परिपक्व होने लगते हैं। इस दौरान किशोर/किशोरियों की समस्याओं में विभिन्नता के साथ-साथ जोखिम भी अलग-अलग होते हैं। एक विवाहित अथवा अविवाहित , स्कूल जाने वाले तथा न जाने वाले , ग्रामीण या शहरी क्षेत्र के किशोर/किशोरियों की यौन विषय पर जानकारी भी अलग-अलग होती है। इन्हीं उलझनों को सुलझाने के लिए उन्हें एक सच्चे साथी की जरुरत महसूस होती है। हालाँकि वह इन विषयों की गोपनीयता भंग होने के डर से किसी से चर्चा करने से भी कतराते हैं। इसका परिणाम होता है कि वह ऐसी गतिविधियों अथवा आदतों के शिकार हो जाते हैं जो उनके जीवन को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं क्योंकि चाहे शारीरिक विकास की बात हो या शिक्षा का क्षेत्र यही वह समय होता है जो उनके आगे के सारे जीवन की बुनियाद रखते हैं । इसी को ध्यान में रखते हुए हर साल 12 फरवरी को किशोर-किशोरियों को इन मुद्दों पर जागरूक करने के लिए यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उत्तर प्रदेश सरकार का भी किशोर-किशोरियों को इन सारे मुद्दों पर सटीक और पूरी तरह से सही-सही जानकारी मुहैया कराने पर पूरा जोर है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में किशोर -किशोरियों को परामर्श, स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करने के लिए किशोर स्वास्थ्य क्लिनिक अब नए कलेवर में “साथिया केंद्र” के नाम से स्थापित किये गए हैं।
जिले में स्थित सभी तेरह किशोर स्वास्थ्य क्लीनिक( एक जिला मुख्यालय तथा शेष सभी बारह ब्लाक मुख्यालयों) को अब साथिया केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इन सभी साथिया केन्द्रों पर प्रशिक्षित परामर्शदाताओं द्वारा किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य विषयों पर परामर्श की समुचित सेवाएं मिल रही हैं। इससे उनके जीवन में बड़े बदलाव भी देखने को साफ़ मिल रहे हैं। इसके साथ ही जिले के अन्य चिकित्सालयों में कार्यरत चिकित्सकों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात ए.एन.एम. और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ आफिसर से भी संपर्क कर किशोर स्वास्थ्य से जुड़े हर मुद्दों को आसानी से सुलझाया जा सकता है ।प्रजनन स्वास्थ्य को लेकर भी किशोर किशोरियों के तमाम उत्कंठाएँ होती हैं जिनके बारे में सही जानकारी वह चाहते हैं ।
—–
आठ माह में करीब 1.50 लाख किशोर किशोरियां लाभांवित
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डाक्टर राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि कुल 13 साथिया केन्द्रों के माध्यम से बीते आठ माह में( अप्रैल 2019 से नवंबर 2019) कुल करीब डेढ़ लाख किशोर किशोरी लाभांवित हुए हैं।
—–
नजरंदाज न करें, समस्या को सुलझाएं:
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक शिवेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरावस्था के दौरान माता-पिता को भी बच्चों की समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करना चाहिए।
उनकी समस्याओं को धैर्य पूर्वक सुनें और उचित सलाह दें न कि नजरंदाज करें। टालने और नजरदांज करने से माता-पिता एवं युवाओं की प्रतिक्रियाएं उनके आपसी स्नेहपूर्ण तथा जिम्मेदार संबंधों में स्वस्थ लैंगिक विकास के विषय में संवाद को मुश्किल बनाते हैं।
इसी को ध्यान में रखकर स्कूलों द्वारा भी बच्चों को इस सम्बन्ध में उचित परामर्श प्रदान करने की व्यवस्था की गयी है ताकि बच्चे अपने स्वर्णिम पथ पर अग्रसर हो सकें।
——
26 स्कूलों में आयोजित हुआ किशोर स्वास्थ्य मंच, 584 बैठकें
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक ने बतायाकि उक्त आठ माह की अवधि में 225 किशोर स्वास्थ्य दिवस के सापेक्ष 223 दिवसों का आयोजन हुआ जबकि किशोर मित्रता क्लब की 584 बैठकें हुई।
महराजगंज उ०प्र०





