रविवार को घर में रहकर अनुशासित नागरिक होने का परिचय दें — डीएम
रविवार को घर में रहकर अनुशासित नागरिक होने का परिचय दें — डीएम
आईएन न्यूज महराजगंज डेस्क:
जिलाधिकारी डाक्टर उज्ज्वल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से रविवार को जनता कर्फ्यू की अपील की है। इसका मूल मकसद कोरोना के वायरस के चक्र को तोड़ना है, ताकि इसके फैलाव को जल्द रोका जा सके। इस अपील का वैज्ञानिक आधार भी है।
चिकित्सकों का कहना है कि यह कोरोना वायरस को फैलने से रोकने का एक कारगर तरीका है। लोग एक दूसरे से नहीं मिलेंगे तो कोरोना को नए कैरियर नहीं मिल पाएंगे। जानकारों का मानना है कि 14 घंटे के ब्रेक से संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सकता है। जाहिर तौर पर जनता कर्फ्यू से संक्रमण का खतरा कम होगा।
इसलिए प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से लें और एक सभ्य व अनुशासित नागरिक होने का परिचय दें।
कैसे फैलता है कोरोना का संक्रमण ?
डाक्टरों के मुताबिक कोरोना संक्रमित व्यक्ति जब खांसता या छींकता है तो उसके मुंह के लार की छीटें या तो पास खड़े व्यक्ति पर जा पड़ती है, या फिर आसपास की वस्तुओं की सतह पर चिपक जाती हैं। यहां तक कि मेटल पर भी कोरोना संक्रमण का सर्वाइवल बना रहता है। ऐसे में संक्रमित वस्तुओं की सतह छूने से संक्रमण व्यक्ति के हाथ में चला जाता है। संक्रमित हाथ को नाक, मुंह या फिर आंख में लगाने से यह उस अगले व्यक्ति को संक्रमित करने में कामयाब हो जाता है। यह पूरी प्रक्रिया संक्रमित व्यक्ति के बोलने से भी हो सकती है, क्योंकि बोलते समय भी मुंह की लार की छीटें निकलने की आशंका बनी रहती है।
चिकित्सकों का कहना है कि यह वायरस किसी व्यक्ति को कैरियर (वाहक) बनाए बिना केवल 12 से 14 घंटे तक ही जीवित रह सकता है। प्रधानमंत्री की अपील के पीछे मंशा बस यही है कि संक्रमण को 14 घंटे तक कैरियर न मिल पाए। तो हम प्रण लेते हैं कि प्रधानमंत्री की उम्मीद पर खरे उतरेंगे और कोरोना के खिलाफ जंग को अंजाम देकर ही दम लेंगे।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमला जुटा
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही प्रशासनिक अमला भी जुटा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जन प्रतिनिधि भी लोगों से अपील कर रहे हैं कि वह घरों से बाहर न निकलें। उनके एक दिन के इस तरह के बर्ताव से कोरोना जैसी महामारी को फैलने से रोका जा सकता है। अनावश्यक इधर-उधर घूमने से संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अशोक कुमार श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की है कि सभी जनता कर्फ्यू में अपना योगदान कर स्वास्थ्य विभाग की मदद करें। जैसा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि लोग अपने घरों से न निकलें, जब लोग एक दूसरे मिलेंगे नहीं तो पूरा देश एक साथ आइसोलेट हो जाएगा और हम वायरस के संक्रमण पर पर काबू कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कोई आशंका होने पर महराजगंज जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम में दूरभाष नंबर 7518526772, प्रदेश सरकार के हेल्प लाइन नंबर 18001805145 , टोल फ्री नंबर 102, 108 पर कॉल कर सकते हैं।
इन बातों को ध्यान रखकर भी कर सकते हैं बचाव :
कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर भी कोरोना संक्रमण से बचाव किया जा सकता है। सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचें । इसके कॉमन कोरिडोर के दरवाजों के हैंडल छूने से बचें। किसी भी कॉमन वस्तु को छूने के तुरंत बाद साबुन-पानी से हाथ धोएं या फिर सैनिटाइजर से हाथों को साफ करें। बार-बार अपने हाथों का चेहरे पर न लगाएं। किसी व्यक्ति के सामने से खांसने या छींकने पर कुछ समय के लिए सांस रोक लें। कमरे का तापमान ज्यादा रखें। इसके अलावा घर को हवादार बनाए रखें। दूसरों को मोबाइल न इस्तेमाल करें।
जीवन से जरूरी कोई काम नहीं-
धर्मगुरूओं से भी अपील:-
डीएम डाक्टर उज्ज्वल कुमार ने जिले के धर्मगुरूओं से भी अपील की है कि वह प्रधानमंत्री की अपील पर जनता कर्फ्यू को सफल बनाएं। लोगों के एक दिन के प्रयास से कोरोना वायरस को काफी हद तक मात दी जा सकती है।
कोरोना को लेकर जिले में किया गया इंतजाम
डिप्टी सीएमओ डाक्टर आईए अंसारी ने बताया कि अब तक 86930 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। विदेश से आने वाले 170 लोगों की एअरपोर्ट से सूची मिली। इनमें से 46 लोगों की 28 दिनों तक सर्विलांस की गई।
जिला अस्पताल में 10 सहित पूरे जिले में 20 बेड का आईसोलेशन वार्ड बना है। जिले में कुल 29 वेंटिलेटर व 64 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जिसमें तीन एंबुलेंस रिजर्व कर लिए गए हैं। इसमें से एक जिला अस्पताल, एक सोनौली तथा एक ठूठीबारी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर पर लगाया गया है।
पूरे जिले में 398 बेड का कोरेंटाइन बनाया गया है। जिसमें महिला जिला अस्पताल में 60, केएमसी में 40, निजी अस्पताल में 220, ब्लाक सीएचसी/ पीएचसी 66, नौतनवा सीएचसी पर 12 बेड कोरेंटाइन के लिए आरक्षित कर लिए हैं।
—–
महाराजगंज उत्तर प्रदेश





