सोनौली नगर पंचायत में ‘ऑपरेशन नेपाल’: 10 सभासद गोलबंद, हबीब खान की कुर्सी संकट में?

सोनौली नगर पंचायत में ‘ऑपरेशन नेपाल’: 10 सभासद गोलबंद, हबीब खान की कुर्सी संकट में?
“पता लगाता हूँ क्या खिचड़ी पक रही है…” नेपाल में सभासदों की डिनर डिप्लोमेसी पर भड़के अध्यक्ष हबीब खान!
आई एन न्यूज ​सोनौली डेस्क।
आदर्श नगर पंचायत सोनौली की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है और पर्दे के पीछे शह-मात का खेल शुरू हो चुका है। नेपाल सीमा से सटे एक होटल में सोनौली नगर पंचायत के करीब 10 सभासदों की रहस्यमयी मौजूदगी ने स्थानीय सियासत में हड़कंप मचा दिया है। इस सीक्रेट मीटिंग की भनक लगते ही पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
​अध्यक्ष के ‘खासमखास’ ने ही कराई विपक्षी नेता से मुलाकात!
सूत्रों से मिली पक्की जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत अध्यक्ष के एक बेहद करीबी और खासमखास व्यक्ति ने ही सभी 10 सभासदों को गोलबंद किया और उन्हें नेपाल के एक नामी होटल ले गया। वहां पहले से मौजूद एक विपक्षी नेता से सभी सभासदों की गुप्त मुलाकात कराई गई। होटल में सभी का जोरदार स्वागत और सम्मान हुआ, जिसके बाद देर रात तक जलपान और खातिरदारी का दौर चला। सभी सभासद गदगद होकर वहां से लौटे।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही मचा हड़कंप
जैसे ही इस डिनर डिप्लोमेसी और बैठक की सूचना व तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, सोनौली की राजनीति में खलबली मच गई। कयास लगाए जा रहे हैं कि वर्तमान अध्यक्ष हबीब खान के खिलाफ अभी से ही बिसात बिछाई जाने लगी है और उनके खिलाफ बगावत का बिगुल बजाने की तैयारी है। अध्यक्ष के अपने ही खासमखास लोग अब जोड़ने और तोड़ने के इस खेल में मोहरा बन रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भले ही अभी तस्वीर धुंधली दिख रही हो, लेकिन इसके पीछे की पटकथा पूरी तरह से राजनीतिक है।
​”देखते हैं क्या खिचड़ी पक रही है” — अध्यक्ष हबीब खान के तीखे तेवर
इस पूरे घटनाक्रम और नेपाल में हुए सियासी जश्न को लेकर जब नगर पंचायत अध्यक्ष हबीब खान से सीधी बात की गई, तो उनके तेवर बेहद तल्ख नजर आए। हबीब खान ने कड़े शब्दों में कहा:
​”मामला मेरे संज्ञान में आया है। अब पूरी बारीकी से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि पीठ पीछे कौन सी राजनीतिक खिचड़ी पकाई जा रही है। जो भी खेल चल रहा है, उसका जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।”
​अध्यक्ष के इस तीखे रुख के बाद अब सोनौली का राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है। देखना दिलचस्प होगा कि नेपाल से शुरू हुआ यह सियासी दांव-पेच सोनौली नगर पंचायत में क्या नया मोड़ लाता है।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *