सोनौली बॉर्डर पर थाई महिला गिरफ्तार, फर्जी भारतीय दस्तावेज मिलने का आरोप

सोनौली बॉर्डर पर थाई महिला गिरफ्तार, फर्जी भारतीय दस्तावेज मिलने का आरोप
नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल होते समय आव्रजन टीम ने पकड़ा, वृंदावन-मथुरा जाने की बात आई सामने।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क । भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर आव्रजन विभाग की टीम ने जांच के दौरान कथित फर्जी भारतीय दस्तावेज रखने के आरोप में थाईलैंड की एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला को पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में पुलिस दस्तावेजों की जांच के साथ महिला से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम सोनौली सीमा पर आव्रजन अधिकारी भारत में प्रवेश करने वाले यात्रियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रही एक विदेशी महिला ने अधिकारियों के समक्ष अपना पासपोर्ट और वीजा प्रस्तुत किया। महिला की भाषा और बोलचाल को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उसकी गहन पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम चोन यूतिचिरफ्त बताया और खुद को थाईलैंड का निवासी बताया। जांच के दौरान उसके पास से कथित तौर पर फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद आव्रजन अधिकारियों ने महिला को हिरासत में ले लिया और उसे सोनौली पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान महिला के कई बार भारत आने की जानकारी सामने आई है। उसने नेपाल के रास्ते भारत आकर वृंदावन और मथुरा जाने की बात भी बताई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, थाईलैंड में महिला कपड़ों के कारोबार से जुड़ी हुई है।
सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। उसके पास मिले दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों की वास्तविकता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामला विदेशी नागरिक के पास कथित फर्जी भारतीय दस्तावेज मिलने से जुड़ा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे प्रकरण को गंभीरता से देख रही हैं। महिला ने भारत में कब-कब प्रवेश किया और कथित भारतीय दस्तावेज उसे कहां से मिले, इसकी भी जांच की जा रही है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *