ट्रको की मनमानी पर पुलिस का बड़ा एक्शन: सोनौली बॉर्डर पर पहली बार ट्रैफिक पुलिस तैनात
ट्रको की मनमानी पर पुलिस का बड़ा एक्शन: सोनौली बॉर्डर पर पहली बार ट्रैफिक पुलिस तैनात,75 वाहनों का चालान, ₹1.70 लाख जुर्माना
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क । भारत-नेपाल के अंतरराष्ट्रीय सोनौली बॉर्डर पर नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों की लगातार बढ़ती कतार और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लग रहे जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहली बार बड़े स्तर पर यातायात पुलिस की तैनाती की है। सीमा क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) नौतनवा बसंत सिंह स्वयं सड़क पर उतर आए। वह देर शाम तक पुलिस बल के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल मार्च करते हुए ट्रकों की आवाजाही का जायजा लेते और व्यवस्था संभालते नजर आए।
नेपाल जाने वाले मालवाहक वाहनों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते सोनौली और नौतनवा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन लंबा जाम लग रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लाइन व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। ट्रकों के लाइन तोड़कर आगे बढ़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और आम नागरिकों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है।
महुअवा मोड़, कुनसेरवा बाईपास, पहुनी पेट्रोल पंप, एसएसबी रोड तथा माता बनैलिया मंदिर पर दो-दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा रूट व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पांच अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोनौली थाना क्षेत्र के महुअवा चौराहा, बुद्ध चौक, कोतवाली तिराहा और न्यू बाबा लॉज के पास भी यातायात पुलिस के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं नौतनवा थाना क्षेत्र के बनैलिया मंदिर चौराहे पर भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कुल आठ पुलिसकर्मी विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे ट्रकों की आवाजाही पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित न हो और आम लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस लगातार वाहनों की निगरानी कर रही है और लाइन तोड़ने अथवा अव्यवस्था फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सोनौली थानाअध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि लाइन तोड़कर आगे निकलने की कोशिश करने वाले वाहन चालकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। अब तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 75 वाहनों का चालान किया जा चुका है तथा ₹1,70,500 का समन शुल्क वसूला गया है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


