नौतनवा पालिका अध्यक्ष का बड़ा एक्शन! त्योहारों से पहले 10 नए ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ियाँ रवाना
नौतनवा पालिका अध्यक्ष का बड़ा एक्शन! त्योहारों से पहले 10 नए ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ियाँ रवाना
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। जनपद के सबसे बड़े व्यावसायिक कस्बे नौतनवा में आगामी दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पालिका प्रशासन ने बड़ी पहल की है। नौतनवा नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने नगर में घर-घर से कूड़ा-कचरा उठाने और उसके त्वरित निस्तारण के लिए 10 नए ई-रिक्शा (कूड़ा गाड़ियों) को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
त्योहारों के सीजन में घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की व्यापक स्तर पर सफाई की जाती है। इस दौरान सामान्य दिनों की तुलना में भारी मात्रा में सूखा और गीला कचरा निकलता है। कचरा उठान में थोड़ी सी भी देरी होने पर नगर में गंदगी और अव्यवस्था फैलने की संभावना बढ़ जाती है। इसी समस्या के स्थायी समाधान और त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से पालिका अध्यक्ष ने 10 नए ई-रिक्शा क्रय कराए, जिन्हें आज विधि-विधान से पूजा-पाठ के बाद नगर पालिका के जलकल कार्यालय से नगर की सेवा में समर्पित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा, “नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आने वाले समय में दशहरा, दीपावली और छठ जैसे महान पर्व आ रहे हैं। आम दिनों की अपेक्षा त्योहारी सीजन में कूड़ा ज्यादा निकलता है। इसी के त्वरित और सुगम निस्तारण के लिए इन ई-रिक्शों की व्यवस्था की गई है, ताकि नगरवासियों को किसी तरह की असुविधा न हो।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रुप से सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, सुरेंद्र बहादुर जायसवाल, अनिल जायसवाल, विशाल जायसवाल, वरिष्ठ लिपिक रमाशंकर सिंह, संतोष श्रीवास्तव, गोविन्द, दीपू प्रजापति, प्रमोद पाठक सहित नगर पालिका के तमाम कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।








































