पंचायत चुनाव : आरक्षण आवंटन अंतिम चरण में,दो को सूची हो सकती है प्रकाशित
पंचायत चुनाव : आरक्षण आवंटन अंतिम चरण में,दो को सूची हो सकती है प्रकाशित
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क:
गांव में पंचायत चुनाव को लेकर आरक्षण आवंटन का काम अब अंतिम चरण में है। संभावना है कि अगले सप्ताह दो मार्च को सूची का प्रकाशन होने की संभावना है। इसके बाद लोग आपत्तियां कर सकेंगे। आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करने के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
पंचायती राज विभाग द्वारा ग्राम पंचायत प्रधान पद, ग्राम पंचायत सदस्य पद, बीडीसी सदस्य पद, ब्लाक प्रमुख पद का आरक्षण आवंटन लगभग पूरा कर लिए जाने की खबर है। सूची का सत्यापन किया जा रहा है कि शासनादेश के विपरीत कोई आवंटन तो नहीं हुआ। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए आरक्षण आवंटन को पूरा करने पर मंथन किया जा रहा है। आंशिक परिसीमन के कारण जिला पंचायत वार्डों के आरक्षण आवंटन में समय अधिक लग रहा है।
पंचायती राज विभाग की टीम बारीकी से शासनादेश के हर बिन्दु का अध्ययन करने के बाद उसी के अनुसार आरक्षण तय कर रही है, जिससे बाद में विवाद की स्थिति न रह जाए। शासन की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार दो एवं तीन मार्च सूची प्रकाशित करने की तिथि है लेकिन जिले में दो तारीख को ही सूची प्रकाशित करने की तैयारी है।
सूची प्रकाशित होने के बाद यदि कोई असंतुष्ट हुआ तो उसे तीन दिन का समय आपत्ति करने के लिए दिया जाएगा। तीन दिनों में मिलने वाली आपत्तियों को निस्तारित करने के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा और कैमरे की निगरानी में आपत्तियों का निस्तारण होगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। 14 मार्च को अंतिम सूची प्रकाशित होगी और जिला प्रशासन की ओर से पंचायती राज निदेशालय को सूची 15 मार्च को भेज दी जाएगी। महाराजगंज उत्तर प्रदेश(सुत्र)





