छात्राओं ने खायी कसम, महराजगंज को टीबी मुक्त कराएंगे हम
छात्राओं ने खायी कसम, महराजगंज को टीबी मुक्त कराएंगे हम
आईएन न्यूज महराजगंज डेस्क: जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में सोमवार को नगर के सोनपति देवी महिला महाविद्यालय में विश्व क्षय रोग दिवस के मद्देनजर गोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं पर जिलाधिकारी डाॅ.उज्ज्वल कुमार ने छात्राओं को महराजगंज को टीबी मुक्त कराने की शपथ दिलाई। छात्राओं ने कसम भी खाया कि हम महराजगंज को टीबी मुक्त कराएंगे।
गोष्ठी में जिलाधिकारी ने कहा – मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। ऐसे में सभी छात्राओं से अपील है कि वह अपनी सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन को लेकर सचेत रहें। उन्होंने 1090 सहित अन्य हेल्पलाइन के बारे में भी विस्तार से बताया।
डीएम ने छात्राओं से अपील की है कि वह देश को का टीबी से मुक्त करने का संदेश परिवार एवं आसपास तक पहुँचाएं, अधिक से अधिक ह्वाटसएप ग्रुप में भी शेयर करें ताकि लोग टीबी रोग से बचाव के लिए जागरूक हो सकें।
जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार की सोच है कि वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त बन जाए। इसके लिए विशेष कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में यदि आस-पास किसी को टीबी के लक्षण दिखे तो तत्काल जांच कराने एवं सरकारी अस्पताल पर इलाज कराने के लिए प्रेरित करें। यदि कोई भी टीबी रोगी के बारे में स्वास्थ्य विभाग को सूचना देता है तो उसे 500 रूपये दिए जाएंगे। टीबी रोगियों को भी बतौर पोषण भत्ता प्रतिमाह 500 रूपये( इलाज चलने तक) दिए जाएंगे। दवा भी बिल्कुल मुफ्त मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव,महाविद्यालय प्रबंधक डाॅ.बलराम भट्ट, प्राचार्य डाॅ. हरि प्रकाश शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक हरिशंकर त्रिपाठी, विवेक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
——
सम्मानित किए गए विजयी प्रतिभागी
सोनपती महिला महाविद्यालय में विश्व क्षय रोग दिवस के मद्देनजर आयोजित प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागी भी सम्मानित किए किए गए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.हरि प्रकाश शर्मा ने बताया कि नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में प्रतिभा पटेल की टीम ने प्रथम, आकांक्षा निगम की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभा पटेल, रूचि उपाध्याय व ज्योति फटेल को क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान मिला। जबकि भाषण प्रतियोगिता में पूजा गुप्ता व माडल प्रतियोगिता में नौसिन खां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
महाराजगंज उत्तर प्रदेश।





