बाबा गए जल चढ़ाने, चोर ले गया मुकुट! फिर जो हुआ, जानकर कहेंगे – वाह नौतनवा पुलिस

बाबा गए जल चढ़ाने, चोर ले गया मुकुट! फिर जो हुआ, जानकर कहेंगे – वाह नौतनवा पुलिस
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा कस्बे के जय हिंद चौराहे के समीप स्थित मर्चाहे बाबा कुटी के श्री राम जानकी मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र तीन घंटे में सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने चोरी गये चांदी के मुकुट को बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त खबर के अनुसार, मंदिर के पुजारी प्रातःकाल मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात जल चढ़ाने हेतु कुछ देर के लिए अन्यत्र गये थे। इसी अंतराल में किसी अज्ञात चोर ने अवसर का लाभ उठाते हुए भगवान श्री राम एवं श्री लक्ष्मण जी के विग्रहों पर सुशोभित चांदी के मुकुटों को चुरा लिया। पुजारी के वापस लौटने पर चोरी का पता चला। घटना की सूचना तत्काल नौतनवा थाने को दी गयी।
सूचना मिलते ही थाना नौतनवा में मु0अ0सं0 213/2026 धारा 305(d), 317(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्परता से छानबीन प्रारंभ की।
पुलिस की सक्रियता से चोरी की इस घटना का शीघ्र ही खुलासा हो गया। पुलिस ने नौतनवा इंटर कालेज के निकट से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बाबी कौशल पुत्र धर्मेन्द्र कौशल, आयु 26 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 04, मालवीय नगर, थाना नौतनवा के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद किया गया, जिसका वजन लगभग 150 ग्राम तथा अनुमानित मूल्य 20 हजार रुपये बताया गया है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *