नौतनवा: खजुरा टोले पर स्वच्छता की खुली पोल! 1 साल से नहीं हुई नाली सफाई
नौतनवा: खजुरा टोले पर स्वच्छता की खुली पोल! 1 साल से नहीं हुई नाली सफाई
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा विकासखंड के ग्राम सभा निपानिया के टोला खजुरा में पिछले एक वर्ष से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि न तो सफाई कर्मी टोले पर आता है और न ही नालियों की सफाई की जाती है। स्थिति यह है कि पक्की नाली गंदे पानी से खचाखच भरी हुई है और इस उमस भरी गर्मी में मच्छरों ने ग्रामीणों का जीना दुश्वार कर रखा है।
गंदगी के अंबार से नाराज ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली का पानी घरों के सामने जमा हो रहा है, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि यही स्थिति रही तो गांव में संक्रामक रोग फैलने से इनकार नहीं किया जा सकता। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिम्मेदार अधिकारी कभी गांव में झांकने तक नहीं आते। जिसके कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में जब एडीओ पंचायत नौतनवा श्री रामकृष्ण प्रसाद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शिकायत मिली है। जल्द ही एक विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरे गांव की सफाई कराई जाएगी और लापरवाह सफाई कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


