भारत-नेपाल सीमा पर हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
भारत-नेपाल सीमा पर हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा के साथ-साथ पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। सोनौली के प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर में महंत बाबा शिव नारायन दास ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कान्हा को झूला झुलाया। सोहर और मंगल गीतों की मधुर ध्वनि के बीच पूरे श्रद्धाभाव से भगवान श्रीकृष्ण का जन्म उत्सव मनाया गया।
जैसे ही शाम ढली, श्री राम जानकी मंदिर में भजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसने मंदिर परिसर को श्रीकृष्ण भजनों से गूंजायमान कर दिया। यह भजन-कीर्तन का सिलसिला आधी रात तक, जब कान्हा का जन्म माना जाता है, निरंतर जारी रहा।
महराजगंज पुलिस लाइन:
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक महाराजगंज सोमेंद्र मीना की उपस्थिति में पुलिस लाइन परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन का कार्यक्रम पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक महाराजगंज ने सभी अधिकारी/कर्मचारी और उनके परिवारजनों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और इस पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला।
सोनौली कोतवाली में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कोतवाली को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आह्वान किया। इस मौके पर नेपाल के इलाका प्रहरी कार्यालय बेलहिया के प्रभारी भी उपस्थित रहे। कोतवाली पुलिस द्वारा भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय गणमान्य नागरिक, पत्रकार, ग्राम प्रधान और समाजसेवी बढ़-चढ़कर शामिल हुए। पूरा कैंपस खचाखच भरा रहा।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





