सलमान खान से मिलने की ज़िद पर अड़ा लखनऊ से आया फैन, बुलानी पड़ गई पुलिस
सलमान खान से मिलने की ज़िद पर अड़ा लखनऊ से आया फैन, बुलानी पड़ गई पुलिस
(रिजवान खान)
आई एन न्यूज मुंबई डेस्क:
सलमान खान से मिलने की दीवानगी ने लखनऊ के एक जबरा फैन आजम अंसारी को मुश्किल में डाल दिया। घटना 15 सितम्बर 2024 की है, जब आजम अंसारी मुंबई में सलमान खान से मिलने के लिए पहुंचे थे। आई एन न्यूज से बातचीत में उन्होंने बताया, “मैं सलमान खान का बहुत बड़ा फैन हूँ, और लखनऊ में लोग मुझे सलमान खान के फैन के नाम से पहचानते हैं। इसी चाहत में मैं मुंबई आया था, ताकि किसी भी तरह भाईजान से मिल सकूं।”
आजम ने बताया कि वह सलमान खान के बान्द्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पर पहुँचे, लेकिन वहाँ मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। आजम ने उनसे कहा कि वह सलमान खान से मिलकर ही वापस जाएंगे, लेकिन सुरक्षा गार्ड्स के साथ उनकी बहस हो गई, जिसके बाद पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस मौके पर आई और उन्हें लेकर बांद्रा पुलिस स्टेशन चली गई। आजम के साथ उनकी सहपाठी करीना और एक कैमरामैन भी मौजूद थे, जिन्हें बाहर छोड़ दिया गया, जबकि आजम को पुलिस स्टेशन के अंदर रखा गया।
घबराए हुए उनके साथी बाहर इंतजार कर रहे थे, और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आजम को रिहाई मिली। बावजूद इसके, आजम का कहना है कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि एक दिन वह अपने पसंदीदा अभिनेता सलमान खान से जरूर मिलेंगे।
गौरतलब है कि आजम अंसारी लखनऊ में सोशल मीडिया पर सलमान खान की नकल करके रील बनाने के लिए मशहूर हैं। उनके इस जुनून की वजह से उन्हें पहले भी कई बार पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।
(मुंबई, महाराष्ट्र)


