झुका भैरहवां भंसार, भारतीय एजेंटों की कलमबंद हड़ताल खत्म; आज रात 12 बजे तक खुले रहेंगे भारत-नेपाल कस्टम

झुका भैरहवां भंसार, भारतीय एजेंटों की कलमबंद हड़ताल खत्म; आज रात 12 बजे तक खुले रहेंगे भारत-नेपाल कस्ट

आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर पिछले तीन दिनों से चल रही भारतीय मूल के कस्टम एजेंटों की कलमबंद हड़ताल मंगलवार देर शाम समाप्त हो गई। नेपाल के भैरहवा भन्सार एजेंट संघ ने भारतीय एजेंटों के विरुद्ध जारी अपने आदेश को कुछ शर्तों के साथ वापस ले लिया, जिसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सहमति बन गई और एजेंटों ने काम पर लौटने की घोषणा कर दी।
भारतीय कस्टम विभाग के सहायक कस्टम आयुक्त सुधीर त्यागी ने बताया कि मंगलवार देर शाम नेपाल भैरहवा भन्सार के कस्टम प्रमुख तथा नेपाल भन्सार एजेंट संघ के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय एजेंटों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। बैठक के दौरान नेपाल पक्ष ने अपने पूर्व निर्णय में संशोधन करते हुए भारतीय एजेंटों के संबंध में जारी प्रतिबंधात्मक आदेश वापस लेने पर सहमति व्यक्त की।
सुधीर त्यागी ने बताया कि समझौते के बाद भारतीय एजेंटों से हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया गया, जिसे स्वीकार करते हुए भारतीय एजेंट संघ ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि मालवाहक ट्रकों के लंबित आवागमन को देखते हुए भारत और नेपाल, दोनों देशों के कस्टम कार्यालय आज रात 12:00 बजे तक खुले रहेंगे, ताकि सीमा पर रुके वाहनों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके।
भारतीय एजेंट संघ की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे रतन गुप्ता ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि सभी एजेंट अपने-अपने कार्य पर लौट आए हैं और सीमा पर कस्टम संबंधी कार्य सामान्य रूप से शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि सोनौली बॉर्डर पर भारतीय कस्टम एजेंट लगातार तीसरे दिन कलमबंद हड़ताल पर थे। उनका आरोप था कि नेपाल भन्सार प्रशासन द्वारा भारतीय एजेंटों के साथ भेदभाव किया जा रहा है तथा उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगाकर कार्य करने से रोका जा रहा है। इसी के विरोध में भारतीय एजेंट आंदोलन कर रहे थे। अब दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के बाद सीमा पर आयात-निर्यात का कार्य प्रारंभ हो गया है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *