सोनौली में बंद किए गए सड़क कटों को लेकर व्यापारियों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी
सोनौली में बंद किए गए सड़क कटों को लेकर व्यापारियों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बा सोनौली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन के लिए डिवाइडर में बनाए गए कई कट अचानक बंद किए जाने से व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सड़क निर्माण करा रही पीएनसी कंपनी द्वारा बीती रात कस्बे के भीतर कई कट बंद किए जाने को व्यापारियों ने मनमाना और जनहित के खिलाफ कदम बताया है।
इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार देर शाम एक व्यापारी की दुकान पर व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सोनौली नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी बैजू यादव ने की, जबकि संचालन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल सोनौली के अध्यक्ष बबलू सिंह ने किया।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि कस्बे के अंदर डिवाइडर में बने कट बंद होने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और ग्राहकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना था कि भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार पहले से ही विभिन्न समस्याओं से प्रभावित है और ऐसे में सड़क पर आवागमन बाधित किए जाने से कारोबार पर और प्रतिकूल असर पड़ेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार को व्यापारी नौतनवा पहुंचकर एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी से मुलाकात करेंगे तथा बंद किए गए कटों को तत्काल खुलवाने की मांग रखेंगे। व्यापारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग करने की बात कही है।
व्यापारी नेता बैजू यादव ने आरोप लगाया कि पीएनसी विभाग के लोग निर्धारित मानकों और स्थानीय जरूरतों की अनदेखी करते हुए डिवाइडर में बने कटों को जबरन बंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि पीएनसी विभाग की मनमानी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
व्यापारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि बंद किए गए कटों को शीघ्र नहीं खोला गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। बैठक में व्यापारियों ने एकजुट होकर इस मुद्दे पर निर्णायक संघर्ष करने का ऐलान किया।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।








































