सोनौली नगर पंचायत के सभासदों ने विधायक से की मुलाकात
सोनौली नगर पंचायत के सभासदों ने विधायक से की मुलाकात, वार्डों में विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग।
सभासदों ने जताई चिंता—कई वार्ड अब भी विकास से अछूते, विधायक ने दिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश, हर संभव सहयोग का दिया आश्वासन।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: आदर्श नगर पंचायत सोनौली के सभी सभासदों ने शनिवार को नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी से मुलाकात कर नगर के विभिन्न वार्डों में विकास की धीमी गति पर चिंता जताई। सभासदों ने विधायक को बताया कि कई वार्ड अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और आवश्यक विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
सभासदों ने कहा कि आपके प्रयासों से नगर में कई बड़े कार्यों को अमलीजामा पहनाया गया है, लेकिन कुछ वार्ड आज भी विकास की मुख्यधारा से अछूते हैं। इस पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य हो। उन्होंने सभी सभासदों से आग्रह किया कि जो कार्य सबसे आवश्यक हैं, उनके प्रस्ताव यथाशीघ्र उन्हें उपलब्ध कराएं, ताकि उनकी प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।
विधायक श्री त्रिपाठी ने कहा कि नगर के किसी भी वार्ड को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान सभासदों ने अन्य समस्याओं जैसे जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल संकट आदि विषयों पर भी चर्चा की। विधायक ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस शिष्टाचार भेंट में मुख्य रूप से सभासद करम हुसैन, राधेश्याम यादव, सागर धवल, विजय कनौजिया, प्रदीप नायक, राजकुमार नायक, राजेश गुप्ता, कमरुद्दीन खान और राम अचल गौतम, विनय यादव आदि मौजूद रहे। महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





