डीएम ने किया करौता, मिठौरा जल जीवन मिशन परियोजना का निरीक्षण
डीएम ने किया करौता, मिठौरा जल जीवन मिशन परियोजना का निरीक्षण
स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क : जनपद महाराजगंज के मिठौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम करौता में शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा ने जल जीवन मिशन योजनांतर्गत निर्मित पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की कार्यप्रणाली, जलापूर्ति की स्थिति और योजना से लाभान्वित हो रहे ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर योजना की प्रभावशीलता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल की गुणवत्ता की भी जांच कराई और ग्रामीणों से उनकी समस्याएं तथा सुझाव सुने। ग्रामीणों ने योजना से हो रहे लाभ की जानकारी दी, वहीं कुछ तकनीकी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया। डीएम अनुनय झा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने परियोजना स्थल की साफ-सफाई, जल स्रोत की नियमित जांच और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। महाराजगंज- उत्तर प्रदेश।





