नौतनवा रेलवे स्टेशन पहुंची वंदे भारत ट्रेन, चेयरमैन ने किया भव्य स्वागत
नौतनवा रेलवे स्टेशन पर पहली बार पहुंची वंदे भारत ट्रेन, अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने किया भव्य स्वागत
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा रेलवे स्टेशन पर उस समय गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला जब गोरखपुर से पहली बार वंदे भारत ट्रेन ट्रायल के तौर पर स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के आगमन पर नगर अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ चालक दल का भव्य स्वागत किया।
ट्रेन के चालक देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव और सुनील कुमार भारती को नगर अध्यक्ष ने बुके भेंटकर और फूल मालाओं से सम्मानित किया। इस दौरान स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ी रही और लोग वंदे भारत ट्रेन को देखने के लिए उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर अध्यक्ष त्रिपाठी ने कहा, “वंदे भारत ट्रेन जो आमतौर पर देश के बड़े महानगरों के लिए चलाई जाती है, उसका नौतनवा जैसे सीमावर्ती क्षेत्र में आना हम सभी के लिए गर्व की बात है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासशील सोच का परिणाम है।”
उन्होंने बताया कि यह ट्रेन अभी ट्रायल के तौर पर आई है। यदि ट्रायल सफल रहता है और तकनीकी मानकों पर खरा उतरता है, तो जल्द ही नौतनवा से इलाहाबाद के लिए नियमित वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू होने की संभावना है।
इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पर उपस्थित रहे। समर्थकों ने चालक दल का जोरदार स्वागत किया।
नगर अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने यह भी कहा कि नौतनवा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक ऋषि त्रिपाठी नौतनवा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और वंदे भारत ट्रेन इसका एक प्रमुख उदाहरण है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


