नौतनवा तहसील में डीएम-एसपी ने सुनीं जनता की शिकायतें
नौतनवा तहसील में डीएम-एसपी ने सुनीं जनता की शिकायतें
भूमि विवादों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीम भेजने के निर्देश, 100 से अधिक फरियादियों ने जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज कराई शिकायतें।
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा तहसील में आज आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया। समाधान दिवस में 100 से अधिक फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने डीएम व एसपी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। डीएम ने समस्या निस्तारण रजिस्टर की भी जांच की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर समस्या के निस्तारण की सूचना संबंधित शिकायतकर्ता को दी जाए ताकि उसे संतुष्टि मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा है कि जनता की शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर हो और उसमें गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो भी विभागीय समस्याएं आज प्राप्त हुई हैं, उनका निस्तारण मौके पर जाकर किया जाए।
भूमि विवादों पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) एवं संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि राजस्व, चकबंदी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मामलों का स्थलीय निरीक्षण करें और तत्काल समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि भूमि से संबंधित मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने भी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि महिला संबंधित मामलों का शीघ्रता से निस्तारण किया जाए ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे और अपनी-अपनी विभागीय शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही शुरू की।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





