भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा श्री राम जानकी मंदिर का 20वां स्थापना दिवस

भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा श्री राम जानकी मंदिर का 20वां स्थापना दिवस
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कस्बा सोनौली में स्थित अति प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर का 20वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कल से मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला का आयोजन किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण राममय हो गया है।
मंदिर के बीसवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में संगीत मय श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ, अखंड हवन तथा संत समागम जैसे दिव्य और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए नगर में तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और पुष्पों से सजाया जा रहा है, वहीं यज्ञ स्थल का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
संगीत मय श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ 23 जनवरी, शुक्रवार से होगा, जो लगातार नौ दिनों तक चलेगा। इस पावन अवसर पर अयोध्या धाम से सुप्रसिद्ध कथा वाचक राजहंस मानस माधुर मार्तंड जी महाराज विशेष रूप से पधार रहे हैं। वे अपनी अमृतवाणी से श्रद्धालुओं को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, भक्ति, मर्यादा और संस्कारों का रसपान कराएंगे।
इस संबंध में श्री राम जानकी मंदिर के सहायक पुजारी बाबा निरंकार नाथ महाराज ने बताया कि श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ के माध्यम से भक्तों के जीवन में भक्ति, ज्ञान और सदाचार का संचार होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है।
बाबा निरंकार नाथ महाराज ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं और राम भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मंदिर प्रांगण में पहुंचकर श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ, अखंड हवन एवं अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता करें और अपने जीवन को धर्ममय एवं कृतार्थ बनाएं।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।





