सोनौली में श्रद्धा व भक्ति के साथ राम कथा ज्ञान यज्ञ का हुआ शुभारंभ
सोनौली में श्रद्धा व भक्ति के साथ राम कथा ज्ञान यज्ञ का हुआ शुभारंभ
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कस्बा सोनौली में स्थित अति प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर का 20वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला का आयोजन किया गया है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण राममय हो गया है।
मंदिर के बीसवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में संगीत मय श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ, अखंड हवन, संत समागम सहित अनेक आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए नगर में युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट एवं पुष्पों से सजाया गया है, वहीं यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो चुका है।
संगीत मय श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ आज से प्रारंभ हो गया है, जो लगातार नौ दिनों तक चलेगा। इस अवसर पर अयोध्या धाम से सुप्रसिद्ध कथा वाचक राजहंस मानस माधुर मार्तंड जी महाराज विशेष रूप से पधारे हैं। वे अपनी अमृतवाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, भक्ति, मर्यादा एवं संस्कारों का भावपूर्ण संदेश दे रहे हैं, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं।
इस संबंध में श्री राम जानकी मंदिर के महंत शिव नारायण दास ने बताया कि श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ के माध्यम से भक्तों के जीवन में भक्ति, ज्ञान और सदाचार का संचार होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है।
वहीं बाबा निरंकार नाथ महाराज ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं और राम भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर प्रांगण में पहुंचकर श्रीमद् राम कथा ज्ञान यज्ञ, अखंड हवन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन आयोजनों में भाग लेकर व्यक्ति अपने जीवन को धर्ममय और कृतार्थ बना सकता है।
स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है और पूरे सोनौली क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





