सोनौली का लाल बना राष्ट्रीय चैंपियन, घर पहुंचकर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बढ़ाया हौसला”

“सोनौली का लाल बना राष्ट्रीय चैंपियन, घर पहुंचकर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बढ़ाया हौसला”
राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग में दीपांशु ने जीता स्वर्ण पदक, विधायक ऋषि त्रिपाठी ने घर पहुंचकर किया सम्मानित।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क । जब सपनों को मेहनत और हौसलों का साथ मिलता है, तब सफलता इतिहास रचती है। महराजगंज जनपद के सोनौली निवासी युवा खिलाड़ी दीपांशु जायसवाल ने 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और उत्तर प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर दिया है।
दीपांशु की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी गुरुवार देर शाम उनके आवास पहुंचे और उन्हें फूल-माला पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विधायक ने दीपांशु के माता-पिता और परिजनों को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर पूरे समाज को गर्व है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
दीपांशु के घर पहुंचने से पहले वार्डवासियों ने विधायक ऋषि त्रिपाठी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर मनोनीत सभासद रवि वर्मा, नवज्योति स्कॉलर एकेडमी के प्रधानाचार्य शिरीष पांडे, नीरज जायसवाल, प्रेम जायसवाल, लोकेंद्र जायसवाल, हरेंद्र जायसवाल, विजय जायसवाल, बिन्नू खान, धर्मेंद्र जायसवाल, सुनील जायसवाल, अनिल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि भोपाल स्थित एलएनसीटी यूनिवर्सिटी में 5 से 8 जून तक आयोजित 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दीपांशु जायसवाल ने 80–90 किलोग्राम राइट हैंड वर्ग में अपने दमदार प्रदर्शन, उत्कृष्ट तकनीक और अटूट आत्मविश्वास के बल पर सभी मुकाबलों में विजय हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
इस शानदार सफलता के साथ दीपांशु का चयन आगामी एशियन एवं अंतरराष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिताओं के लिए भी हुआ है। उनकी उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



