हर गांव तक पहुंचेगा विकास—विधायक ऋषि त्रिपाठी

 हर गांव तक पहुंचेगा विकास—विधायक ऋषि त्रिपाठी
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने विकासखंड नौतनवा के ग्राम कोहडवल में विधायक निधि से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने विधायक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
लोकार्पण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से अनेक विकास कार्य लंबित पड़े थे, जिन्हें पूर्व के जनप्रतिनिधियों द्वारा अनदेखा किया गया। उनकी सरकार और उनके प्रयासों से अब उन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां से जनता ने विकास की मांग उठाई, वहां बिना भेदभाव के सड़क, नाली, पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य कराए गए। विधायक ने दावा किया कि अपने चार वर्ष के कार्यकाल में नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में कई ऐतिहासिक और जनहित के कार्य संपन्न हुए हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है।
कार्यक्रम के बाद विधायक ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना तथा क्षेत्र की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *