कोल्हुई-बृजमनगंज मार्ग पर बड़ा हादसा, पिकअप में फंसे दो युवकों को पुलिस ने ऐसे निकाला
कोल्हुई-बृजमनगंज मार्ग पर बड़ा हादसा, पिकअप में फंसे दो युवकों को पुलिस ने ऐसे निकाला
आई एन न्यूज बृजमनगंज डेस्क: कोल्हुई-बृजमनगंज मार्ग पर शनिवार तड़के बहदुरी गांव के पास एक पिकअप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पिकअप सवार दो युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक पिकअप के अंदर फंस गए।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे कंट्रोल रूम-112 के माध्यम से पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप संख्या UP56 AT 7005 कोल्हुई से बृजमनगंज की ओर जा रही थी। हादसे के बाद वाहन का दरवाजा क्षतिग्रस्त होने के कारण खुल नहीं रहा था।
स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने गैस कटर की मदद से पिकअप को काटकर उसमें फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। घायल युवकों की पहचान बबलू पुत्र बरसाती और करण पुत्र शिवचरण, निवासी लक्ष्मीपुर एकमा, थाना पुरंदरपुर के रूप में हुई है। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बृजमनगंज भेजा गया।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद मौके पर स्थिति सामान्य है। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अभी किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।








































