दो लाख की मांग का आरोप! ठूठीबारी में व्यापार मंडल अध्यक्ष का पुलिस के खिलाफ धरना

दो लाख की मांग का आरोप! ठूठीबारी में व्यापार मंडल अध्यक्ष का पुलिस के खिलाफ धरना 
आई एन न्यूज, ठूठीबारी डेस्क।
नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जिले के ठूठीबारी कस्बे में व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश रौनियार ने ठूठीबारी कोतवाली के थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से कोतवाली के समीप स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में धरना शुरू कर दिया। रौनियार ने पुलिस प्रशासन पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
धरने पर बैठे व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश रौनियार का आरोप है कि एक विवादित मामले को लेकर थानाध्यक्ष द्वारा उनसे दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि रकम देने से इनकार करने के बाद से उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
रौनियार ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 2 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के निर्देश पर एक उपनिरीक्षक और चार पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। उस समय वह अपने परिवार के साथ कमरे में आराम कर रहे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मी उनके बेडरूम तक पहुंच गए और थानाध्यक्ष की बात मानने का दबाव बनाया। इस दौरान उनके परिवार के सामने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष का कहना है कि कथित पुलिस उत्पीड़न के चलते वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए अपनी स्थिति से अवगत कराया था।
रौनियार ने प्रशासन को दिए शिकायती पत्र में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *