“साढ़े चार साल में वह विकास हुआ, जो 40 वर्षों में नहीं हुआ- ऋषि त्रिपाठी

सोनौली में व्यापारियों से रूबरू हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी, बोले—“साढ़े चार साल में वह विकास हुआ, जो 40 वर्षों में नहीं हुआ”

आई एन न्यूज सोनौली डेस्क। नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के नेपाल-भारत सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बे सोनौली में शनिवार देर शाम नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी पहुंचे। यहां उन्होंने व्यापारियों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। बैठक में सोनौली के बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

व्यापारियों को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि पिछले 40 वर्षों में क्षेत्र में जो विकास कार्य नहीं हो सके, वे उनके साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहा है कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान हो और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने नौतनवा कस्बे में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय से व्यापारी, स्थानीय नागरिक और क्षेत्र की जनता यहां आधुनिक अस्पताल बनाए जाने की मांग कर रही थी। पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण मांग पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नौतनवा के अस्पताल के नवनिर्माण की दिशा में कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि पुराने अस्पताल भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर नए सिरे से आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। अस्पताल के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रारंभ हो चुकी है।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे लड़ने की जरूरत नहीं है। साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को यदि जनता के सामने गिना दिया जाए तो विरोधियों के पास कहने के लिए कुछ नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि विरोधी हताश और परेशान हैं, इसलिए अब केवल अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।
व्यापारियों ने किया स्वागत
बैठक से पहले व्यापारी प्रताप मद्धेशिया ने विधायक ऋषि त्रिपाठी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को ऐसा विधायक चुनना चाहिए, जो सहज, सरल व्यक्तित्व का धनी होने के साथ-साथ विकास पुरुष हो। उन्होंने कहा कि ये सभी गुण विधायक ऋषि त्रिपाठी में मौजूद हैं।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने स्थानीय समस्याओं और अपनी अपेक्षाओं को विधायक के सामने रखा। विधायक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर सोनौली के बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *