नवज्योति स्कॉलर्स एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया हिंदी दिवस
नवज्योति स्कॉलर्स एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया हिंदी दिवस
.
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क।नवज्योति स्कॉलर्स एकेडमी, सोनौली में हिंदी दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिंदी भाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति से जुड़े अपने विचार प्रखरता से प्रस्तुत किए। छात्रों ने स्वरचित व प्रसिद्ध कवियों की कविताओं का पाठ किया और ओजस्वी भाषण दिए। इन विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने हिंदी के प्रति अपने अगाध प्रेम, सम्मान और समर्पण को प्रदर्शित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के गौरवशाली इतिहास और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और भावनाओं को आपस में जोड़ने वाली एक सशक्त कड़ी है। शिक्षकों ने बच्चों को दैनिक जीवन एवं पठन-पाठन में हिंदी के अधिक से अधिक और सही प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर अपनी मातृभाषा और राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रति सम्मान, रुचि और गौरव की भावना को और अधिक विकसित करना रहा।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


