शिवपाल दशहरे के बाद करेंगे सियासी धमाका
शिवपाल यादव दशहरे के बाद करेंगे सियासी धमाका
आई एन न्यूज ब्यूरो लखनऊ: शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के सहारे अपने सियासी वजूद को पाने और अखिलेश यादव को राजनीतिक ठिकाने लगाने की लड़ाई लड़ रहे थे, पर मुलायम ने पुत्रमोह में ऐसा कदम उठाया कि शिवपाल के सारे अरमानों पर पानी फिर गया। इसके बाद शिवपाल पूरी तरह से साइलैंट मोड में नजर आ रहे हैं।
शिवपाल के करीबी सूत्र बताते हैं कि शिवपाल की खामोशी को कमजोरी न समझा जाए। मुलायम के इस दाव के बाद शिवपाल ने अपनी आगे की लड़ाई नेताजी (मुलायम सिंह) के सहारे लड़ने के बजाय अपने बलबूते पर लड़ने का फैसला किया है। वह दशहरे के बाद और दीवाली से पहले बड़ा धमाका करेंगे। शिवपाल राम बनकर दशहरे में रावण का वध करेंगे और राजनीतिक वनवास को खत्म करेंगे, फिर कहीं दीवाली मनाई जाएगी।









































