नौतनवां में कोटेदार की दबंगई का खौफनाक VIDEO: युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा, सिर फोड़ा 

घायल दोनों युवक .

नौतनवां में कोटेदार की दबंगई का खौफनाक VIDEO: युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा, सिर फोड़ा 
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
सरकारी राशन में धांधली की पोल खुलने के डर से बेखौफ दबंगों ने कानून की धज्जियां उड़ा दीं। नौतनवां थाना क्षेत्र के कजरी गांव स्थित मुसहर टोले में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर जब खबर बनाई जा रही थी, तो बौखलाए कोटेदार और उसके समर्थकों ने लाठी-डंडों से लैस होकर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। दबंगों ने दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा, जिसका रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
​’​घटना के समय मुसहर टोले में राशन वितरण में जारी धांधली की शिकायत से जुड़ी खबर बनाई जा रही थी। कोटेदार और उसके सहयोगियों को शक था कि गांव के ही दो युवकों ने पत्रकार को बुलाकर इस भ्रष्टाचार की खबर बनवाई है। इसी रंजिश में हमलावरों ने दोनों को घेर लिया और ताबड़तोड़ लाठियां बरसानी शुरू कर दीं।
​वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ जोड़कर “मत मारो, छोड़ दो” की गुहार लगाता रहा, लेकिन बेखौफ दबंगों का दिल नहीं पसीजा। वे उसे तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरा नहीं हो गया।
​​इस तालिबानी पिटाई में एक युवक का सिर फट गया है और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरे युवक को भी शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बचाया। परिजनों द्वारा आनन-फानन में घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
​​घटना के बाद पीड़ितों ने नौतनवां थाने में लिखित तहरीर देकर कोटेदार और उसके मनबढ़ समर्थकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मामले में वायरल वीडियो पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा राशन कोटा निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष नौतनवा अभिषेक सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है, सख्त कार्रवाई होगी।

महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *