जनता के मुद्दों से भाग रही सपा’–सीएम योगी .

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, अनुपूरक बजट पर हंगामे के बीच बोले—’जनता के मुद्दों से भाग रही सपा’

.

आई एन न्यूज लखनऊ डेस्क।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के समय समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई, वहीं सदन से बाहर निकलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में किसी भी साधु-संत या मंदिर से जुड़े कर्मचारियों की संलिप्तता सामने नहीं आई है। ऐसे में साधु-संतों और बड़ी संख्या में कर्मचारियों पर आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने हमेशा भगवान श्रीराम और रामजन्मभूमि का विरोध किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिलने के बावजूद विपक्ष के कई नेता शामिल नहीं हुए, जबकि आज वही लोग आस्था की बात कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की छवि को धूमिल करना है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में विपक्ष विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा से बच रहा है।
सदन में हंगामे पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुपूरक बजट पर चर्चा का एजेंडा पहले से तय था, लेकिन विपक्ष ने इसमें रुचि लेने के बजाय व्यवधान उत्पन्न किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष का आचरण संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
हंगामे के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन यादव द्वारा मुख्यमंत्री से जुड़ी तस्वीर दिखाने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विधायक को सदन से बाहर करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि दोबारा ऐसी घटना होने पर विशेषाधिकार समिति के माध्यम से सदस्यता समाप्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। बाद में सदन की कार्यवाही अगले दिन सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
इस बीच राज्य सरकार ने अनुपूरक बजट में ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, पशुपालन, दुग्ध विकास और मत्स्य क्षेत्र सहित विभिन्न विभागों के लिए हजारों करोड़ रुपये के प्रावधान किए हैं। सरकार का कहना है कि यह बजट प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को गति देने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *