पूर्वांचल से कब टूटेगा इंतजार? गोरखपुर–दिल्ली वंदे भारत की मांग ने पकड़ी रफ्तार

“पूर्वांचल से कब टूटेगा इंतजार? गोरखपुर–दिल्ली वंदे भारत की मांग ने पकड़ी रफ्तार, बेलथरा रोड से उठी बुलंद आवाज”
आई एन न्यूज बिल्थरा डेस्क:
बेलथरा रोड (बलिया)। पूर्वांचल के लाखों रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर-शोर से उठने लगी है। बिल्थरा रोड के युवा नेता सुनील कुमार ‘टिंकू’ ने गोरखपुर से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने तथा गोरखपुर–अहमदाबाद एक्सप्रेस (19490) का बेलथरा रोड रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग करते हुए रेलवे प्रशासन को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जल्द ही केंद्रीय रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन के प्रस्तावित बिल्थरा रोड दौरे के दौरान भी मांग पत्र देकर यात्रियों की आवाज उनके सामने रखी जाएगी।
सुनील कुमार ‘टिंकू’ ने अपने पत्र में कहा है कि पूर्वांचल, विशेषकर बलिया, मऊ, देवरिया और आसपास के जिलों के हजारों यात्री आज भी बेहतर रेल सुविधाओं से वंचित हैं। दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सीमित ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जबकि कई लोगों को मजबूरी में वाराणसी या अन्य बड़े स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे यात्रियों का समय और धन दोनों अतिरिक्त रूप से खर्च होते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के अनेक प्रमुख रेल मार्गों पर वंदे भारत एक्सप्रेस तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा का प्रतीक बन चुकी है, लेकिन गोरखपुर–नई दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर अब तक इस ट्रेन का संचालन न होना पूर्वांचल के लोगों के साथ उपेक्षा जैसा प्रतीत होता है। उनका कहना है कि इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने से व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा राजधानी तक की यात्रा अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि बेलथरा रोड रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख राजस्व अर्जित करने वाले स्टेशनों में शामिल है, लेकिन इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से गोरखपुर–अहमदाबाद एक्सप्रेस (19490) के बेलथरा रोड में ठहराव की मांग करते हुए कहा कि इससे गुजरात और पश्चिम भारत की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही स्टेशन पर यात्री संख्या बढ़ने से रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
सुनील कुमार ‘टिंकू’ ने कहा कि बेलथरा रोड की जनता लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं की उम्मीद लगाए बैठी है। अब समय आ गया है कि पूर्वांचल के यात्रियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए गोरखपुर–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जाए और प्रमुख ट्रेनों का बिल्थरा रोड में ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
बलिया– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *