यूपी बोर्ड का नया शैक्षिक कैलेंडर जारी, अंग्रेजी में प्रार्थना और फरवरी 2027 में बोर्ड परीक्षा तय

यूपी बोर्ड का नया शैक्षिक कैलेंडर जारी, अंग्रेजी में प्रार्थना और फरवरी 2027 में बोर्ड परीक्षा तय
आई एन न्यूज लखनऊ डेस्क।माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने शैक्षिक सत्र 2026-27 का नया कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर में शिक्षा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, व्यावहारिक और अनुशासित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
परिषद द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन प्रार्थना अंग्रेजी भाषा में कराई जाएगी। यदि किसी विद्यालय में अन्य भाषा प्रचलित है तो उसी भाषा में भी प्रार्थना कराई जा सकती है। विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन प्रार्थना सभा में प्रमुख समाचार पढ़वाने और कठिन शब्दों के अर्थ व प्रयोग समझाने की व्यवस्था की गई है।
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को इस कैलेंडर का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को मोबाइल और ऑनलाइन गेम्स के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अप्रैल के पहले सप्ताह में “नया सवेरा” कार्यक्रम के तहत शिक्षा अधिकारी विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से जीवन मूल्यों, अनुशासन, करियर और दैनिक दिनचर्या पर संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में अभिभावकों और पूर्व छात्रों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
शिक्षण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए हैंड्स-ऑन एक्टिविटीज, एक्सपीरिएंशियल लर्निंग, वैज्ञानिक प्रयोग, गणितीय खेल और प्रयोगशाला कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सप्ताह में एक दिन योग और ध्यान का आयोजन अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा स्कूलों में साइबर क्लब और बालिकाओं के लिए “शक्ति मंच” का गठन भी किया जाएगा।
परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम
1 अप्रैल 2026 से शैक्षिक सत्र शुरू होगा
कक्षा 9 से 12 तक प्रथम यूनिट टेस्ट जुलाई में (बहुविकल्पीय प्रश्न आधारित)
अर्द्धवार्षिक प्रयोगात्मक परीक्षाएं सितंबर के चौथे सप्ताह में
अर्द्धवार्षिक लिखित परीक्षाएं अक्टूबर में
कक्षा 10 व 12 का पाठ्यक्रम 10 जनवरी 2027 तक पूरा करना होगा
कक्षा 9 व 11 का पाठ्यक्रम 25 जनवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा
प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 जनवरी 2027 से शुरू
कक्षा 9 व 11 की वार्षिक परीक्षाएं 1 फरवरी 2027 से
बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 27 जनवरी से 10 फरवरी 2027 तक
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 में आयोजित होंगी
नए कैलेंडर के साथ यूपी बोर्ड ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास, अनुशासन और व्यवहारिक ज्ञान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
  1. ब्रेकिंग न्यूज़: ऊ०प्र०- जिले की हर छोटी बड़ी खबर लाइव देखने के लिए
  2. जुड़े रहे इंडोनेपालन्यूज़ के फेसबुक पेज से, शहर के हर छोटी बड़ी खबर हम आपको लाइव दिखाएंगे