गोरखपुर से लखनऊ आ रही बस में मिला लावारिस बैग,खोला तो उड़े सबके होश

आई एन न्यूज ब्यूरो गोरखपुरः गोरखपुर से लखनऊ आ रही बस में लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बैग खोलकर देखा तो सबके होश उड़ गए। दरअसल बैग के अंदर से करीब 7 किलो सोने-चांदी के जेवर मिले। फिलहाल परिवहन निगम के एमडी ने चालक मो. सईद व परिचालक सतीश चंद्र की पुलिसिया जांच के आदेश दिए हैं।
बता दें कि बस शुक्रवार रात गोरखपुर से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। जब बस्ती में बस रुकी तो यात्री चाय-पानी के लिए उतर गए। लौटे तो पता चला कि बस से पुलिस को संदिग्ध बैग मिला है, जिसकी जांच चल रही है। जांच में बैग के अंदर से बड़ी मात्रा में जेवरात मिले।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह तस्करी से जुड़ा मामला है। इसमें करीब 7 किलो सोना पाया गया है, जिसकी कीमत 2 करोड़, 10 लाख रुपए है। पुलिस के मुताबिक यह सोना नेपाल के रास्ते गोरखपुर पहुंचा, जहां से इसे लखनऊ ले जाया जा रहा था। परिवहन निगम एमडी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।





