यूपी पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर बनाई स्क्रिप्ट, पांच दरोगा समेत 13 पुलिसवालों के खिलाफ FIR
लखनऊ। उत्तर प्रदेश का पुलिस महकमा अपनी करतूतों की वजह से आए दिन विभाग की फजीहत कराने से बाज नहीं आ रहा है। लखनऊ के विवेक तिवारी हत्याकांड के बाद बुलंदशहर में पुलिस ने एक बार फिर विभाग की किरकिरी करा दी है। बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली में तैनात पांच दरोगा समेत 13 पुलिसवालों के खिलाफ कोर्ट के आदेश के बाद डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद ये मुकदमा दर्ज किया गया है।
दरअसल, पुलिस ने जिस युवक को पीले बंबे के निकट से एक बाइक, पिस्टल और 700 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ मुठभेड़ दिखाकर गिरफ्तारी दिखाई थी। उस युवक को पुलिसकर्मी उसके घर से उठाकर ले गए थे, घर से उठाकर ले जाने का पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। इस मामले में पीड़ित परिजनों ने कोर्ट में इन पुलिस कार्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने की गुहार लगाई थी। जिसपर एसीजेएम कोर्ट ने पांच दरोगा और 12 सिपाहियों के विरुद्ध डकैती का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर उपनिरीक्षक शिवप्रकाश, जबर सिंह, संदीप कुमार, विपिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कांस्टेबल ब्रजवीर, विनीत कुमार, संजय सिंह, अमित, योगेंद्र, चालक सुनील सिंह को नामजद किया गया है।



