महंगाई के विरोध में नौतनवा में सपा का मशाल जुलूस, सभा I
महंगाई के विरोध में नौतनवा में सपा का मशाल जुलूस, सभा I
इंडो नेपाल न्यूज नौतनवा डेस्क:देश में पेट्रोलियम पदार्थों की ऊंची दरों एवं बढ़ रही महंगाई तथा किसानों की कई समस्याओं को लेकर शनिवार की देर शाम पूर्व सांसद अखिलेश सिंह के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नौतनवा में मशाल जुलूस निकालकर सरकार विरोधी नारे लगाए और महंगाई को कम करने तथा किसानों की समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग की।
नौतनवा नगर के गांधी चौक से निकला मशाल जुलूस जयहिंद हिंद चौराहा, अस्पताल चौराहा होते हुए जनता चौक गया और वापस होकर भगत सिह चौराहे पर एक जनसभा में परिवर्तित हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए हुए पूर्व सांसद अखिलेश सिंह ने कहा कि पूरे विश्व में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम घटे हैं। लेकिन भारत में अभी भी उच्च दरों पर पेट्रोलियम पदार्थ बेचे जा रहे हैं। मौजूदा सरकार ने किसानों की फसलों का डेढ़ गुना मूल्य देने की बात कही थी। लेकिन यह बात आज बेमानी साबित हो रही है किसान आज परेशान है। किसान की खेती का लागत मूल्य भी नहीं निकल पा रहा। उनकी मांग है कि किसानों के कर्ज को माफ किया जाए। पूरे प्रदेश में अभी तक महज 5% ही धान खरीद हो पाई है। क्रय केंद्रों पर किसानों के धान की खरीद नहीं हो पा रही। जिसके कारण किसान अपने धान को बिचौलियों के हाथ बेचने को मजबूर है। पूर्व सांसद ने कहा कि महराजगंज के गड़ौरा चीनी मिल पर आज भी किसानों का 40 करोड़ रुपया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हो सका है। अगर सरकार ने किसानों की समस्या और महंगाई पर लगाम नहीं लगाई तो समाजवादी पार्टी एक बड़ा जनांदोलन छेड़ेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक मुन्ना सिंह तथा राजू दुबे ने अपने विचार प्रकट किया। सभा की अध्यक्षता बलराम यादव ने तथा संचालन राजू दूबे ने किया।
इस मौके पर मुख्य रुप से
महेश सिंह, बाबर अब्बासी, जयप्रकाश सिंह, महेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, पप्पू खान, बब्लू खान,वकील अहमद, महेश सिंह, संजय तिवारी, अनिल जायसवाल, मुन्नू श्रीवास्तव ,रईश कुरैशी, संजय सिंह, छोटेलाल गौड़, सहित सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी व कस्बे के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





