जो जल्दी जांच कराएगा, पूरी दवा खाएगा,वह कुष्ठ मुक्त हो जाएगा’’
“जो जल्दी जांच कराएगा, पूरी दवा खाएगा,वह कुष्ठ मुक्त हो जाएगा’’
30 जनवरी से शुरू होगा कुष्ठ रोगी खोजी अभियान, डीएम करेंगे शुभारंभ
आईएनन्यूज महराजगंज डेस्क,
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान के तहत 30 जनवरी से स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलेगा। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी डाक्टर उज्ज्वल कुमार 30 जनवरी को सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत सोनरा स्थित विद्यालय परिसर से करेंगे। अभियान 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा। अभियान के दौरान लोगों के बीच कुष्ठ रोग को लेकर जागरुकता पैदा की जाएगी।
जिला कुष्ठ काउंसलर डाक्टर अनिल कुमार बरनवाल ने बताया कि कुष्ठ के विरुद्ध युद्ध थीम के साथ स्पर्श कुष्ठ अभियान चलाया जाएगा। इसके दौरान लोगों को कुष्ठ रोगों के प्रति जागरुक किया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 12 पैरा मेडिकल वर्कर, 25 एनएमए तथा एक फिजियोथिरेपिस्ट लगाए गए हैं। वहीं पर आशा कार्यकर्ता, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा गांवों में पोस्टर व पम्पलेट दिया जाएगा। उसमें कुष्ठ रोग के लक्षण तथा जांच व इलाज के बारे में भी जानकारी रहेगी। अगर किसी भी व्यक्ति के अन्दर कुष्ठ रोग के लक्षण पाए जाते हैं तो उनका नाम रजिस्टर में अंकित करके उसे जांच के लिए भेजा जाएगा। जांचोपरान्त अगर कुष्ठ रोग सामने आता है तो उसको कुष्ठ की दवाएं तब तक दी जाएंगी, जब तक उसका कुष्ठ रोग ठीक न हो जाय।
—–
गांव-गाँव पंहुची डीएम की पत्र
अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी का पत्र भी गांव गांव पहुंच गया है। डीएम ने सभी ग्राम पंचायतों को भेजे अपने पत्र में लोगों से अपील किया है कि ” सब सभी महराजगंज जनपद के लोग और जिला प्रशासन यह घोषणा करते हैं कि अपने जिले को ” कुष्ठ मुक्त” बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। कुष्ठ रोगियों को जितनी जल्दी हो सके खोजने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हम इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिले में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करेंगे।
हम यह भी घोषणा करते हैं कि किसी भी कुष्ठ प्रभावित व्यक्ति से कोई भेदभाव नहीं करेंगे, और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्ति से भेदभाव करने देंगे।‘’
—–
कुष्ठ रोग के लक्षण
हल्के तांबई रंग के दाग या धब्बे हो, त्वचा के दाग धब्बों में संवेदनहीनता, सुन्नपन हो, पैरों में अस्थिरता या झुनझुनी हो, हाथ पैर या पलकें कमजोर हों, नसों में दर्द, कान व चेहरे पर सूजन या गांठ हो। हाथ या पैरों पर घाव हों, लेकिन उनमें दर्द न हो।
——
स्वास्थ्य विभाग का सुझाव
-जल्द जांच, समय से इलाज।
-कुष्ठ रोग से मुक्ति, विकलांगता से बचाव।
-चमड़ी पर दाग चकत्ते, सून्नपन कुष्ठ रोग हो सकता है।
-कुष्ठ का मुफ्त इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध है।
-कुष्ठ रोग पूरी तरह से ठीक सो जाता है।
-कुष्ठ रोगी से भेदभाव न करें।
—
जिले में 288 कुष्ठ रोगियों का चल रहा इलाज
जिला कुष्ठ काउंसलर ने बताया वर्तमान में जिले में कुल 288 कुष्ठ रोगियों का इलाज चल रहा है। बीते 30 जनवरी 2019 से 13 फरवरी 2019 तक चले अभियान में कुल 17 कुष्ठ रोगी पाए गए थे।
28 जनवरी 2020 महाराजगंज उत्तर प्रदेश
—-





