नौतनवा जायसवाल सभा द्वारा आयोजित विधायक का सम्मान एवं जनसंवाद कार्यक्रम

नौतनवा जायसवाल सभा द्वारा आयोजित विधायक का सम्मान एवं जनसंवाद कार्यक्रम।

विकास हमारी पहचान, जनता का विश्वास हमारी ताकत”– विधायक ऋषि त्रिपाठी

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: नगर स्थित जायसवाल सभा अतिथि भवन के सभा कक्ष में जायसवाल समाज द्वारा आयोजित “सम्मान एवं जनसंवाद कार्यक्रम” में नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने समाज के पदाधिकारियों, व्यापारियों एवं नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए नगर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी एवं नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

जनसंवाद के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में कुछ लोग नगर में नाली, गड्ढे या खुदी हुई सड़कों जैसे छोटे-छोटे मुद्दों को उछालकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करेंगे, लेकिन असली पहचान उन बड़े विकास कार्यों से होगी जो वर्षों से अधूरे पड़े थे जो अब पूरे हो रहे हैं।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि पिछले दो दशकों से नौतनवा नगर के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की केवल चर्चा होती रही, लेकिन उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर उसके नवनिर्माण का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल की बाउंड्री वॉल का निर्माण पहले ही कराया जा चुका है और अब शीघ्र ही अस्पताल भवन के निर्माण की दिशा में भी कार्य प्रारंभ होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर के सौंदर्यीकरण के लिए बिजली व्यवस्था सहित विभिन्न विकास योजनाओं का विस्तृत खाका तैयार कर लिया गया है और बहुत जल्द इन परियोजनाओं पर कार्य शुरू होगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जायसवाल समाज के अध्यक्ष उमा जायसवाल, समाजसेवी सुधाकर जायसवाल एवं कृष्ण मुरारी जायसवाल ने विधायक ऋषि त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी तथा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया का बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके पश्चात व्यापारी नेता संतोष जायसवाल, राजाराम जायसवाल, रमाशंकर जायसवाल एवं रिंकू जायसवाल ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
स्वागत समारोह के दौरान नौतनवा नगर के पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल, धर्मात्मा जायसवाल, विनय जायसवाल, मनोज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में उपस्थित जायसवाल समाज के लोगों ने विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख का भव्य अभिनंदन किया।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच खुले संवाद ने नगर के भविष्य को लेकर नई उम्मीदों का संचार किया है।

महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *