सोनौली: नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक, जुए और शराब में उड़ाते थे रकम

सोनौली: नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक, जुए और शराब में उड़ाते थे रकम।
अन्तरजनपदीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश,तीन गिरफ्तार, दो चोरी की बाइक व ₹10,200 बरामद।

आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अन्तरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का सोनौली पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें और 10,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यह सफलता मिली।
मंगलवार रात करीब 10:40 बजे उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह अपनी टीम के साथ कस्बा सोनौली स्थित एसबीआई बैंक के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी और सत्यापन के दौरान उनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और 10,200 रुपये नकद बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक, जुए और शराब में उड़ाते थे रकम
पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाले पैसों से नेपाल जाकर शराब पीते थे और कैसीनो व जुए में रकम खर्च करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद नकदी भी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचकर हासिल की गई थी।
गिरोह ने यह भी कबूल किया कि बरामद हीरो एचएफ डीलक्स बाइक थाना पनियरा क्षेत्र से और यामाहा आर-15 बाइक थाना भिटौली क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अलावा थाना घुघली से एक हीरो एचएफ डीलक्स और थाना परसामलिक क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेचने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना सोनौली में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *