मकान ढहने की सूचना से मचा हड़कंप, नौतनवा तहसील में निकली आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल
मकान ढहने की सूचना से मचा हड़कंप, नौतनवा तहसील में निकली आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । बरसात के मौसम में संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से गुरुवार को नौतनवा तहसील परिसर में आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान मकान गिरने की काल्पनिक सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमा पूरी तत्परता के साथ सक्रिय हो गया।
सूचना प्राप्त होते ही एसडीएम नौतनवा, क्षेत्राधिकारी फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस तथा आपदा प्रबंधन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों के रेस्क्यू का अभ्यास किया। राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का परीक्षण किया गया।
अचानक तहसील परिसर के पीछे प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने और फायर ब्रिगेड सहित कई विभागों के वाहन पहुंचने से आसपास मौजूद लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया। लोग जानना चाहते थे कि आखिर मामला क्या है। बाद में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह वास्तविक घटना नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी।
एसडीएम नौतनवा ने बताया कि मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेने और विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता का परीक्षण करने के लिए बाढ़ एवं आपदा संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



