खण्ड स्नातक निर्वाचन: महराजगंज के 12 ब्लाकों में हुआ 67.69 फीसदी मतदान
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क जनपद में शुक्रवार को खण्ड स्नातक निर्वाचन चुनाव में 12 ब्लाकों में बनाये गये 22 बूथों पर 67.69 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बीच चुनाव शान्ति पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन हर पल चौकन्ना रहा।
स्नातक निर्वाचन में जनपद के मतदाता सूची में कुल 9735 मतदाता जिनमें 7439 पुरुष मतदाता और 2296 महिला मतदाता शामिल रहे। चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 2 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, तथा 22 माइक्रो ऑब्ज़र्वर तैनात किये गए थे।
जनपद के बृजमनगंज, धानी, घुघली, लक्ष्मीपुर, महराजगंज, मिठौरा, नौतनवा, निचलौल, पनियरा, परतावल, फरेन्दा, और सिसवा के कुल 12 ब्लाकों में 22 बूथ बनाये गये थे। जहाँ प्रातः 8 बजे से मतदान प्रारम्भ हो गया। मतदान शुरू होने के ठीक 2 घण्टे बाद यानि 10 बजे तक जिले में 4.8 फीसदी वोट डाले जा चुके थे। अपराह्न 12 तक 20 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था।
मतों का प्रतिशत अपराह्न दो बजे तक 41 फीसदी हो गया। यानि 2 बजे तक जिले में कुल 3993 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। और शाम को 4 बजते-बजते 67.69 फीसदी वोट डाले जा चुके थे। जिसमें जिले के कुल 9735 मतदाताओं में 5617 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उ०प्र०





